नई दिल्ली 
ठंड और कोहरे के कारण ट्रेनों के लेट और स्थगित होने का सिलसिला जारी है। शु्क्रवार को घने कोहरे के चलते करीब २० ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं १६ ट्रेन रद्द की, ३ ट्रेनों का समय बदल दिया है। एक बार फिर दिल्ली में हवा में प्रदूषण का स्तर बढ़ गया है। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे प्रदूषण का इंडेक्स २.५ और १० रहा है। पंजाब और हरियाणा के अधिकांश स्थानों पर शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है और आदमपुर का न्यूनतम तापमान २.३ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अमृतसर, भठिंडा और फरीदकोट का न्यूनतम तापमान क्रमश: ४.८, ३.७ और चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हलवारा और पठानकोट का न्यूनतम तापमान क्रमश: ५.५ और ५.१ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब में लुधियाना, पटियाला और गुरूदासपुर का न्यूनतम तापमान क्रमश: ५.८, ६.६ और छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। हरियाणा में हिसार सबसे ठंडा स्थान रहा और यहां का न्यूनतम तापमान ४.२ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। करनाल का न्यूनतम तापमान ४.५ जबकि नारनौल का न्यूनतम तापमान ५.५ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सिरसा, भिवानी और अंबाला का भी न्यूनतम तापमान क्रमश: ४.७, छह और ८.३ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसमविद ने बताया कि दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान ६.७ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बदली और पछुआ हवा ने ठंड बढ़ा दी है। मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान ३.७ डिग्री दर्ज किया गया। आंचलिक मौसम केन्द्र की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले २४ घंटों के दौरान प्रदेश के इलाहाबाद, वाराणसी, लखनऊ और कानपुर मण्डलों में दिन के तापमान में तेजी से बढ़ोत्तरी हुई। इसके अलावा गोरखपुर, लखनऊ, झांसी, इलाहाबाद, फैजाबाद और कानपुर मंडलों में यह सामान्य से काफी नीचे रहा। पिछले २४ घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई। इलाहाबाद, कानपुर, बरेली, गोरखपुर, वाराणसी, फैजाबाद, लखनऊ, झांसी, आगरा और मेरठ मंडलों में रात के तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। मुजफ्फरनगर राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान ३.७ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले दो दिनों से राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न इलाकों में बदली छाने और पछुआ हवा चलने से ठंड में इजाफा हुआ है। अगले २४ घंटों के दौरान मौसम आमतौर पर सूखा रहने का अनुमान है।
Previous articleनेशनल लोक अदालत में मिलेगी विद्युत के प्रकरणों में विशेष छूट
Next articleपुलिस के सामने बुजुर्ग महिला को पीट रहे थे दबंग