मुंबई -इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 11वें सीजन में मुंबई की टीम अब तक कुछ खास नहीं कर पाई है। अब तक हुए तीनों मुकाबलों में मुंबई को करीबी संघर्ष में हार का मुंह देखना पड़ा है। दिल्ली डेयरडेविल्स के खिलाफ शनिवार को हुए मुकाबले में भी मुंबई की टीम ने आखिरी गेंद तक संघर्ष तो किया, लेकिन वह दिल्ली को जीतने से रोक नहीं पाई। इस स्थिति ने मुंबई के कप्तान को गहरी निराशा में डाल दिया है। उन्होंने स्वीकार किया कि उनकी टीम ने कई अहम मौके गंवा दिए।
रोहित ने माना कि 194 का स्कोर काफी सम्मानजनक था। मुंबई इंडियंस के कप्तान ने इस मैच में 91 रनों की नाबाद पारी खेलने वाले दिल्ली के सलामी बल्लेबाज जेसन रॉय को दिल्ली की जीत का श्रेय दिया है। वानखेड़े मैदान का यह विकेट धीमा था और मुंबई के कप्तान ने माना कि उनके गेंदबाजों को इसका बेहतर इस्तेमाल करना चाहिए था। रोहित ने कहा कि इस विकेट पर हमें स्लोअर गेंद का अधिक प्रयोग करना चाहिए था हालांकि हम ऐसा कर नहीं पाए। मुंबई इंडियंस ने इस मैच में बहुत अच्छी शुरुआत की थी। उसके पास विकेट भी थे और वह 10 ओवर प्रति रन से ज्यादा की दर से रन बना रहे थे, लेकिन पारी के अंत में टीम लड़खड़ा गई।
मुंबई का स्कोर 15.3 ओवर में 166 रन था और उसके 8 विकेट अभी बाकी थे लेकिन आखिरी 27 गेंदों पर टीम ने सिर्फ 28 रन बनाए और 5 विकेट गंवा दिए। रोहित ने कहा कि हम अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाए, हम अगर संतुलित तरीके से खेलते तो कुछ और रन बना सकते थे।
मुंबई इंडियंस की फील्डिंग इस मैच में बहुत अच्छी नहीं रही। हार्दिक पंड्या और कायरन पोलार्ड ने हालांकि बहुत अच्छे कैच पकड़े, लेकिन इसके अलावा अन्य मौकों पर टीम की ग्राउंड फील्डिंग और कैचिंग अच्छी नहीं रही। रोहित ने माना कि इस क्षेत्र में सुधार करने की जरूरत है।
मुंबई आईपीएल में धीमी शुरुआत करने के लिए जानी जाती है, लेकिन इसके बावजूद उसने खिताब पर कब्जा किया है। रोहित मानते हैं कि इस बार भी उनके पास ऐसी टीम है, जो लीग में वापसी कर सकती है। मुंबई को अपना अगला मैच मंगलवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के खिलाफ खेलना है। रोहित ने उम्मीद जताई कि उनकी टीम उसमें बेहतर प्रदर्शन करेगी।
Previous articleगोल्डेन गर्ल बनी साइना, सिंधू को सिल्वर से करना पड़ा संतोष
Next articleसीरिया में हुए रासाय‎निक हमलों की जांच के लिए यूएन में नई मुहिम शुरू