MP Budget 2023 Live News : युवाओं को दी नौकरी की सौगात
शिवराज सरकार ने इस बार बजट में नए वोटर्स को लुभाने की कोशिश की हैl बजट में युवाओं को जापान भेजने से लेकर एक लाख नौकरियों का एलान किया हैl
MP Budget 2023 : मध्य प्रदेश के वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा ने विधानसभा में आज वर्ष 2023-24 के लिए कुल 3.14 लाख करोड़ रुपए का बजट पेश किया। बजट भाषण में वित्तमंत्री ने एक लाख सरकारी नौकरियां देने का ऐलान किया। इसी के साथ हाल में शुरू हुई लाड़ली बहना योजना के लिए 8 हजार करोड़ के प्रावधान के साथ मुख्यमंत्री बालिका स्कूटी योजना का भी घोषणा की। बजट में किसी नए कर का प्रस्ताव नहीं, संपत्ति की रजिस्ट्री में छूट दी जा रही है। खास बात यह है कि मप्र में पहली बार ई-बजट (पेपरलेस) बजट आया है। जानिए बजट भाषण की खास बातें, किसे-क्या मिला…
बजट भाषण की खास बातें
MBBS सीट 2 हजार 55 से बढ़ाकर 3 हजार 605 की जाएंगी। पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स के लिए 649 सीट्स बढ़कर 915 होंगी। नवीन मुख्यमंत्री बालिका स्कूटी योजना के तहत 12वीं क्लास फर्स्ट डिविजन से पास करने वाली छात्राओं को ई-स्कूटी दी जाएगी।
बकायादार किसानों के सरकारी संस्थानों से लिए गए कर्ज का ब्याज सरकार भरेगी। नर्सिंग कॉलेज योजना से मेडिकल कॉलेजिस में 810 बीएससी नर्सिंग, 300 पोस्ट बेसिक नर्सिंग की एक्स्ट्रा सीट्स होंगी।
सीएम सनराइज स्कूलों के लिए 3 हजार 230 करोड़ रुपए का बजट। 25 चिकित्सा महाविद्यालयों के लिए 400 करोड़ रु. का प्रावधान।
प्रदेश में 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएंगी। रोजगार के लिए 200 युवाओं को जापान भी भेजा जाएगा।
खेल विभाग का बजट बढ़ाया। खेलों के विकास के लिए 738 करोड़ रु.। मध्यप्रदेश के धार्मिक स्थलों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। लाडली लक्ष्मी योजना के लिए 929 करोड़ रुपए, महिला स्व सहायता समूहों के लिए 660 करोड़ रुपए देंगे।
नारी कल्याण के लिए 1.2 लाख 976 करोड़ रु., लाडली बहना योजना के लिए 8 हजार करोड़ रुपए। ‘लाडली बहना’ के तहत महिलाओं को 1 हजार रुपए/महीना दिया जाएगा। प्रसूति सहायता योजना में 400 करोड़ का प्रावधान किया है। आहार अनुदान योजना के लिए 300 करोड़ रुपए। इसके तहत बैगा, भारिया, सहरिया जनतीय महिलाओं को 1 हजार रुपए/महीना दिया जाएगा।
इंदौर और भोपाल में मेट्रो रेल के लिए 710 करोड़ रुपए का बजट। सलकनपुर में श्रीदेवी महालोक, सागर में संत रविदास स्मारक, ओरछा में रामराजा लोक, चित्रकूट में दिव्य वनवासी राम लोक को डेवलप किया जाएगा। इसके लिए 358 करोड़ रुपए का बजट है।
नगरीय निकायों को 842 करोड़ रु., नगरीय विकास के लिए 14 हजार 82 करोड़ रुपए, स्थानीय निकायों को 3 हजार 83 करोड़ रुपए। भोपाल में संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क बनेगा। इसमें हर साल 6 हजार लोगों को ट्रेनिंग दी जाएगी। ग्वालियर, जबलपुर, सागर और रीवा में भी स्किल सेंटर शुरू किए जाएंगे।
कुल व्यय के लिए 2022-23 का बजट अनुमान 2 लाख 47 हजार 715 करोड़ रुपए है। इसे 33 हजार 839 करोड़ बढ़ाकर 2023-24 के लिए 2 लाख 81 हजार 554 करोड़ का प्रावधान प्रस्तावित है। देश के सकल घरेलू उत्पाद में हमारे प्रदेश का योगदान 3.6 % से बढ़कर अब 4.8 % हो चुका है।
2011-12 में प्रति व्यक्ति आय 30 हजार 497 रुपए थी, अब 2022-23 में साढ़े तीन गुना तक बढ़कर 1 लाख 40 हजार 585 रु. हो गई है। लाडली बहना योजना के लिए 8000 करोड़ रुपए का प्रावधान। इस योजना के तहत निर्धन परिवार की विवाहित महिलाओं को 1000 रु महीना गरीबी भत्ता दिया जाएगा।
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने दिनांक 1 अप्रैल 2023 से 31 मार्च 2024 तक 1 लाख सरकारी नौकरियों के प्रावधान की घोषणा की। बजट में खेलों के लिए 738 करोड़ का प्रावधान किया गया है। यह पिछले बजट की तुलना में ढाई गुना अधिक है।
महिला स्व सहायता समूह के लिए 660 करोड़ रूपये का प्रावधान। मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना के लिए 1000 करोड़ का प्रावधान किया गया है। 900 नए सीएम राइज स्कूल खोले जाएंगे। लाड़ली लक्ष्मी योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए रुपए 929 करोड़ का प्रावधान प्रस्तावित है।
स्कूलों में अच्छे अंक लाने वाली छात्राओं को ई-स्कूटी दी जाएगी। 6 इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कालेजों में हिंदी माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी। राज्य में 22 नए इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित किये जायेंगे। स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली बिल मिलेंगे।
प्रदेश में मिलेट (गेहूं और चावल के अलावा खड़े अनाज) मिशन की शुरूआत होगी। 467 करोड़ मातृत्व वंदना योजना के लिए प्रस्तावित। फूलों की खेती को दिया बढ़ावा जाएगा। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लिए 3 हजार 200 करोड़। 300 गौशालाओं का निर्माण कराया जाएगा। PM ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत 4000 किलोमीटर सड़कों का निर्माण और उन्नयन किया जाएगा। 10182 करोड़ का प्रावधान।
महाकाल के आह्वान से शुरुआत, चाणक्य का सूत्र भी पढ़ा
वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट भाषण से पहले महाकाल का आह्वान किया। कहा- भारत मध्ये स्वयंभू ज्योतिर्लिंग यजामहे, हे पारब्रह्म शिव शंभू दयामहे…, जय श्री महाकाल, जय-जय श्री महाकाल। उन्होंने कहा- हमारी सरकार हर वर्ग को विकास की धारा में जोड़ने के प्रयास कर रही है। सरकार की विशेषता बताते हुए कहा- हिमगिरी सा श्वेत धवल जीवन, विश्वास अटल विंध्याचल सा…। वित्त मंत्री ने चाणक्य का सूत्र भी पढ़ा- ‘सुखस्य मूलं धर्मः। धर्मस्य मूलं अर्थः। अर्थस्य मूलं राज्यं। राज्यस्य मूलं इन्द्रियजयः। इसका अर्थ है- सुख का मूल है, धर्म। धर्म का मूल है, अर्थ। अर्थ का मूल है, राज्य। राज्य का मूल है, इन्द्रियों पर विजय।
विधानसभा अपडेट्स
सुबह 11 बजे वित्त मंत्री ने बजट भाषण पढ़ना शुरू किया। इसी बीच कांग्रेस विधायक सदन से वॉकआउट कर गए।
सुबह 10.50 बजे वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा सदन में पहुंचे। इसके बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान भी सदन पहुंचे।
बजट सत्र से पहले कांग्रेस विधायक विधानसभा में गैस सिलेंडर लेकर पहुंचे। दाम बढ़ने का विरोध करते हुए नारेबाजी की।
सुबह 9.30 बजे विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में कैबिनेट बैठक हुई। इसमें बजट भाषण को अप्रूवल दिया गया।
वित्त मंत्री ने कहा, 10 साल दिग्विजय सिंह की सरकार रही। उस समय कर्ज लेकर वेतन भत्ते देते थे।
वित्त मंत्री ने कहा, बजट जनता की उम्मीदों का होगा। जनता मुस्कुराएगी। ‘लाडली बहना’ के लिए विशेष बजट है।
सुबह 9 बजे मध्यप्रदेश सरकार के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा अपने आवास से विधानसभा के लिए रवाना हुए।