धोनी भाजपा में शामिल हो सकते हैं - संजय पासवान

नई दिल्ली – पूर्व केन्द्रीय मंत्री और भाजपा नेता संजय पासवान ने दावा किया कि क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

उन्होंने कहा, “इस संबंध में उनसे काफी समय से बातचीत चल रही है। हालांकि, यह फैसला धोनी के संन्यास के बाद ही लिया जाएगा।” पासवान ने कहा, ‘धोनी मेरे मित्र हैं, ‘वर्ल्ड फेम’ खिलाड़ी हैं, ऐसे में उनसे भाजपा में आने के लिए बातचीत हुई है।’

ज्ञात रहे कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने लोकसभा चुनाव से पहले ‘संपर्क फॉर समर्थन’ अभियान के दौरान धोनी से मुलाकात की थी और तभी से ये अटकलें तेज है कि धोनी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।

झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले धोनी के विषय में झारखंड का कोई भी भाजपा नेता खुलकर कुछ नहीं बोल रहा है। भाजपा के एक नेता ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर कहा, “धोनी का भाजपा के कई नेताओं से व्यक्तिगत संपर्क है। अगर वह भाजपा में शामिल होते हैं, तो कोई बड़ी बात नहीं है।”

हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव के दौरान पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी गौतम गंभीर भाजपा में शामिल हुए और राष्ट्रीय राजधानी की पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर संसद के लिए निर्वाचित हुए। पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी नवजीत सिंह सिद्धू भाजपा में रह चुके हैं। हालांकि इस समय वह कांग्रेस में हैं और पंजाब सरकार में मंत्री हैं। इनसे पहले क्रिकेटर चेतन चौहान और कीर्ति आजाद ने भी खेल को अलविदा कहने के बाद राजनीतिक पारी की शुरुआत की थी।

Previous articleराहुल गांधी ने अहमदाबाद में गुजराती भोजन का लुफ्त उठाया
Next articleछह महीने में 24 हजार बच्चियों के साथ दरिंदगी चिंताजनक – सुप्रीम कोर्ट