पाकिस्तान ने 147 भारतीय मछुआरों को रिहा किया, 262 अब भी कैद में

260

इस्लामाबाद पाकिस्तान ने अपने जल क्षेत्र में कथित तौर पर मछली पकड़ने को लेकर आठ महीने पहले से कराची की एक जेल में रखे गए 147 भारतीय मछुआरों को रविवार (7 जनवरी) को रिहा कर दिया। मीडिया में आई एक खबर में यह दावा किया गया है। इस्लामाबाद में पुलिस ने इस बात की पुष्टि की है कि ‘सद्भावना के तहत’ कराची में मछुआरों को रिहा किया गया। उन्हें लाहौर ले जाया जाएगा और सोमवार (8 जनवरी) को वाघा सीमा पर भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाएगा। गौरतलब है कि दिसंबर में पाकिस्तान के विदेश कार्यालय प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने घोषणा की थी कि करीब 300 भारतीय मछुआरों को आठ जनवरी तक दो चरणों में रिहा किया जाएगा।इससे पहले, 28 दिसंबर को पाकिस्तान ने प्रथम समूह के तौर पर 145 भारतीय मछुआरों को रिहा किया था, जो इसी तरह के आरोप में वहां कैद रखे गए थे।पाक मीडिया की खबर के मुताबिक 147 मछुआरों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मछुआरे कराची छावनी स्टेशन से लाहौर पहुंचेंगे। वहां से वे लोग वाघा सीमा पार करेंगे और घर लौटेंगे। कराची के मलीर जेल अधिकारियों के हवाले से यह कहा गया है। उन्होंने बताया कि मछुआरों की यात्रा का खर्च एधी फाउंडेशन उठाएगा। यह पाकिस्तान स्थित गैर लाभकारी कल्याण संगठन है। जेल अधीक्षक हसन सेहतो ने कहा, ‘करीब 262 भारतीय मछुआरे मलीर जेल में अब भी हैं.’ एक दूसरे के जल क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने को लेकर पाकिस्तान और भारत के मछुआरे अक्सर ही हिरासत में ले लिए जाते हैं।

Previous articleसलमान को गैंगेस्टर बिश्नोई की धमकी
Next articleऐश्वर्या ने फिल्म के लिए मांगे दस करोड़