कई जगह ईवीएम की खराबी की शिकायत

महाराष्ट्र सहित देश के 10 राज्यों में पड़ने वाली 4 लोकसभा और 10 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हेतु मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हो गया है। इनमें उत्तरप्रदेश की कैराना, महाराष्ट्र की पालघर, भंडारा-गोंदिया और नगालैंड की एकमात्र लोकसभा सीटों के अलावा कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों आरआरनगर और जयानगर पर भी चुनाव हो रहे हैं। इन सभी सीटों पर मतदान शाम 5 बजे तक होगा। वोटिंग के लिए पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी लोकसभा और विधानसभा सीटों के चुनाव के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।
मतदान के बीच उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र और केरल में कई बूथों पर ईवीएम खराबी की शिकायतों के कारण वहां वोटिंग बाधित हुई हैं। उत्तराखंड के थराली में ईवीएम मशीन की खराबी सामने आई मशीन में कांग्रेस का बटन नहीं दब रहा था जिसे लेकर काफी हंगामा हुआ। वहीं महाराष्ट्र के गोंडिया क्षेत्र में अर्जुन-मोरगांव के पोलिंग बूथ नंबर 170 पर ईवीएम में खराबी के चलते वोटिंग अब तक शुरू नहीं हो पाई है।
सुबह 9:30 बजे तक उत्तरप्रदेश के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में कई जगह ईवीएम में खराबी आने के बाद काफी देर वोटिंग रुकी रही। जिसके बाद ईवीएम बदली गईं. अब फिर से वोटिंग शुरू हो गई है। थराली विधानसभा क्षेत्र के घाट ब्लॉक के सरपानी पोलिंग बूथ पर ईवीएम में खराबी की शिकायत आई। शिकायत है कि ईवीएम में दूसरे नंबर का बटन नहीं दब रहा है. दूसरे नंबर पर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. जीतराम का नाम है। कैराना में करीब 40 मिनट तक ईवीएम में खराबी के चलते वोटिंग रुकी रही। इस दौरान पोलिंग एजेंट ईवीएम का विवाद गर्माते रहे, वहीं मतदाता कतारों में खड़े रहे।
इस उपचुनाव में उत्तर प्रदेश की कैराना, महाराष्ट्र की पालघर, भंडारा-गोंदिया और नगालैंड की एकमात्र लोकसभा सीटों के अलावा कर्नाटक की आरआरनगर विधानसभा सीट पर आने वाले चुनाव नतीजों पर भी नज़र रहेगी। वहीं उत्तरप्रदेश की कैराना लोकसभा सीट सबसे अहम मानी जा रही है। यह सीट बीजेपी सांसद हुकुम सिंह के निधन से खाली हुई थी और अब यहां जीत के लिए मुकाबला कैराना के दो परिवारों- हुकुम सिंह और अख्तर हसन के बीच है।
एक तरफ हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह बीजेपी की टिकट पर चुनावी मैदान में हैं तो दूसरी तरफ दिवंगत सांसद मुनव्वर हसन की पत्नी तबस्सुम हसन आरएलडी के चुनाव चिह्न पर सपा-बसपा-कांग्रेस-आरएलडी गठजोड़ की साझा उम्मीदवार हैं।
गौरतलब है कि कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों के अलावा 10 अन्य असेंबली सीटों पर उपचुनाव होने हैं। ये सीटें हैं- नूरपुर (यूपी), महेश्तला (प.बंगाल), आमपति (मेघालय), थरली (उत्तराखंड), चेंगनूर, (केरल), जोकीहाट (बिहार), गोमिया (झारखंड), सिल्ली (झारखंड), सहकोट (पंजाब), पालस-काडेगांव (महाराष्ट्र). इन सभी सीटों पर वोटिंग शाम 5 बजे तक चलेगी। वोटिंग के लिए पोलिंग बूथों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी लोकसभा और विधानसभा सीटों के चुनाव के नतीजे 31 मई को घोषित किए जाएंगे।
Previous articleमिस्र में यूट्यूब पर प्रतिबंध अगले एक महीने के लिये
Next articleउपचुनाव के लिए मतदान जारी, 31 मई को आएंगे नतीजे