Bhopal nagar nigam parking

भोपाल – नगर निगम का पार्किंग सेल अवैध वसूली को रोकने में नाकाम साबित हो रहा है। पिछले साल 15 नवंबर 2018 को नगर निगम के सहायक राजस्व निरीक्षकों के निरीक्षण में स्मार्ट पार्किंग में गंभीर गड़बड़ियां मिलीं थी। जांच में पार्किंग में ज्यादा वाहन पाए गए थे, लेकिन रिकार्ड में वाहनों की संख्या कम दर्शाई गई थी। इसके बाद निगम पार्किंग चलाने वाली कंपनी माइंडटेक को दो नोटिस जारी कर चुका है। सात दिनों के अंदर जवाब देने को कहा गया था। लेकिन ढाई महीने बाद न जवाब आया न कार्रवाई की गई।

इस संबंध में निगम अधिकारी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रहे हैं।

इधर, टीटी नगर में लगने वाले भोपाल उत्सव मेले की पार्किंग का ठेका देने के लिए निगम ने तीन बार टेंडर किए। जब कोई ठेकेदार नहीं मिला तो आखिर में निगम ने भोपाल उत्सव समिति को ही ठेका दे दिया। लेकिन मेले की पार्किंग से दोगुना शुल्क वसूला जा रहा है। समिति के नाम की रसीद भी दी जा रही है, जिसमें दो पहिया के 10 रुपए और चार पहिया वाहनों के 20 रुपए लिखा गया है। जबकि निगम ने दो पहिया के 5 रुपए और चार पहिया के 10 रुपए तय किए हैं।


निगम अधिकारी जांच की बात कह रहे हैं।

बता दें कि यहां 1 जनवरी से ही अवैध वसूली चल रही है। फिर भी निगम अधिकारी एक बार भी मौके पर नहीं पहुंचे। नियमानुसार रात 10 बजे के बाद पार्किंग बंद हो जाती है। इसके बाद पार्किंग शुल्क नहीं लिया जा सकता। लेकिन एमपी नगर में जोन वन में रात 11 बजे बाद भी ठेकेदार के कर्मचारी बिना रसीद वसूली कर रहे हैं। गत शनिवार-रविवार रात को निसर्ग होटल के पास राजू यदुवंशी नामक कर्मचारी अवैध वसूली करते हुए पाया गया। निगम के कांट्रेक्टर जितिन राठौर ने इसकी शिकायत उपायुक्त मिलिंद ढोके से की है।

बता दें कि दिसंबर महीने उपायुक्त ढोके की गाड़ी से अवैध वसूली की जा रही थी, इस पर उन्होंने कर्मचारी को एमपी नगर थाने में पहुंचाया था। जो व्यक्ति वसूली कर रहा था उसने खुद को माइंडटेक कंपनी का कर्मचारी बताया था। हालांकि इस मामले में किसी पर कार्रवाई नहीं हुई। नगर निगम के उपायुक्त एवं प्रभारी पार्किंग सेल, मिलिंद ढोके का कहना है कि स्मार्ट पार्किंग में गड़बड़ियां मिली थीं। नोटिस जारी करने के बाद भी कंपनी ने जवाब नहीं दिया। हमने कार्रवाई के लिए लिखा है। मेले की पार्किंग का निरीक्षण किया जाएगा। एमपी नगर में अवैध वसूली की शिकायत मिली है, जांच कराएंगे।

Previous articleसीबीआई को चिदंबरम के खिलाफ केस चलाने की मंजूरी मिली
Next article2020 में मिलेनियर बॉयफ्रेंड जॉर्ज से शादी करेंगी एमी जैकसन