election results

मोहाली – कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने दावा किया है कि उनकी पार्टी 2019 के आम चुनाव में भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी।

राहुल ने केंद्र सरकार पर न्यायपालिका, सेना और मीडिया जैसे संस्थानों की विश्वसनीयता को कमजोर करने का आरोप लगाया। सोमवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि हम चुनाव में पराजित करके भाजपा को उसकी असली जगह दिखाएंगे।

उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले चुनाव में हम भाजपा को दिल्ली की सत्ता से बेदखल कर देंगे।

भाजपा और मोदी सरकार पर बरसते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में डर का एक माहौल बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मीडिया को भी दबाने की कोशिश की गई। सुप्रीम कोर्ट और सेना के बहाने मोदी सरकार को घेरते हुए राहुल ने कहा सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश खुले तौर पर कह रहे हैं कि उन्हें काम करने नहीं दिया जा रहा है।
सेना के जनरल कह रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेना का दुरुपयोग कर रहे हैं और चुनाव आयोग को भी दबाया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा हम इन संस्थानों की रक्षा के लिए लड़ेंगे। हम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ(आरएसएस) और भाजपा जैसे नहीं हैं। उन्होंने कहा केंद्र में सत्तासीन लोग मीडिया को बेरोजगारी और किसानों की दुर्दशा जैसे मुद्दे नहीं उठाने दे रहे हैं।

पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सराहना करते हुए राहुल ने कहा कि उन्होंने यह दिखाया कि कैसे विनम्रता और सम्मान के साथ नेतृत्व किया जाता है।

इस दौरान किसानों और युवाओं का मुद्दा उठाते हुए भी राहुल ने भाजपा पर हमला बोला। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा मोदी सरकार किसानों को बोझ समझती है। मुख्य मुद्दे नौकरियां और किसानों का बकाया है। देश में रोष बढ़ता जा रहा है। किसानों के भविष्य की सुरक्षा किए बगैर देश आगे नहीं बढ़ सकता, यह शत प्रतिशत स्पष्ट है।

Previous articleकेजरीवाल का वादा- दिल्ली की अवैध कॉलोनियों
Next articleपति शोएब से मिलकर भावुक हो जाएगी दीपिका