साध्वी प्रज्ञा बोली 370 हटने के बाद अब राम मंदिर बनेगा
साध्वी प्रज्ञा बोली

भोपाल संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अब राम मंदिर को लेकर बयान दिया है। विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में रहने वाली साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटने के बाद अब अयोध्या में राम मंदिर भी जल्द ही बन जाएगा, जब तक राम मंदिर नहीं बनेगा, तब तक उन्हें कुछ नहीं होगा।

भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर राजधानी के टीटी नगर इलाके में चल रही रामकथा में पहुंची थीं जहां उन्होंने ये बयान दिया। मंच से श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए सांसद साध्वी प्रज्ञा ने कहा, ‘वो तपस्या करतीं हैं लेकिन इसलिए नहीं कि मोक्ष मिल जाए बल्कि इसलिए तपस्या करती हैं कि प्रभु उन्हें हर बार भारत मे ही जन्म दें’।

साध्वी प्रज्ञा ने कहा, ‘वो हर बार इस देश के लिए ही जिएं और देश के लिए ही मरें’।

साध्वी प्रज्ञा ने कहा, ‘जब तक श्रीराम का भव्य मंदिर नहीं बन जाता तब तक मुझे कुछ होने की आशा नहीं है और जब भव्य राम मंदिर बन जाएगा तो फिर मैं आनंद से जीवन बिताऊंगी। ‘ कथा के दौरान लोगों से बात करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि अब हमारा देश अखंड हो गया है, जब कश्मीर से धारा 370 हट गई है तब राम मंदिर बनने में कोई देर नहीं है। अब भव्य राम मंदिर बनेगा और हम सब उसके साक्षी होंगे हम सब आनंदित होंगे।

मालूम हो कि हाल ही में साध्वी प्रज्ञा अपने कई बयानों को लेकर चर्चा में रह चुकी हैं।

बीते दिनों उन्होंने भाजपा नेताओं के निधन के पीछे विपक्ष की मारक शक्ति को कारण बताया था। हालांकि, इस बयान पर उन्हें पार्टी की तरफ से नोटिस जारी किया गया है और आगे किसी तरह के विवादित बयान से बचने को कहा गया है। इससे पहले भी साध्वी प्रज्ञा हेमंत करकरे, नाथूराम गोडसे को लेकर दिए बयानों पर फंस चुकी हैं, जिससे पार्टी की काफी फजीहत भी हुई थी।

Previous articleडेढ़ किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार
Next articleपाकिस्तान के राजनीतिक दल एमक्यूएम ने कहा, 370 हटाना भारत का पूरी तरह से आंतरिक मामला