MP News
CM Mohan yadav son marriage Vaibhav Yadav

प्रदेश के मुखिया डॉ मोहन यादव अपने बेटे वैभव की सादगी भरी शादी के लिए चर्चाओं के केंद्र में हैं। प्रदेश की बागडोर संभालने के बाद उनके परिवार में हो रहे इस मंगल कार्य में वे चाहते तो सारा जमाना इकट्ठा कर लेते। लेकिन संक्षिप्त लोगों की मौजूदगी से किया जा रहा ये आयोजन उन लोगों के लिए दलील बन गया है, जो दिखावे की शादी के नाम पर बड़े कर्ज ढेर में दब जाते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे वैभव की शादी बहुत ही सादे समारोह में शनिवार को संपन्न हुई। पुष्कर में वैभव यादव की शादी हरदा की रहने वाली शालिनी यादव से हुई। शालिनी एक किसान परिवार से हैं और उनके पिता सतीश यादव हरदा के प्रतिष्ठित किसान हैं।

पिछले दिनों मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एक फोटो वायरल हुआ था। इसमें मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लाल रंग का एक आमंत्रण देते नजर आ रहे थे। इस फोटो के वायरल होने के बाद कयास लग रहे थे कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के बेटे वैभव यादव का विवाह समारोह आलीशान और धूमधाम से होगा। इसमें कई वीआईपी और वीवीआईपी हस्तियां शामिल होंगी। रिसेप्शन उज्जैन, भोपाल के साथ दिल्ली में भी होगा। हालांकि, यह सभी कयास गलत साबित हुए। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के बेटे वैभव यादव का विवाह पुष्कर के एक रिसॉर्ट में हुआ। दोनों पक्षों से कुल 200 मेहमान ही शामिल हुए। इसमें भी वधू पक्ष से 60 और वर पक्ष के 140 लोग शामिल थे।

वैभव और शालिनी की शादी के मुख्य कार्यक्रम 23 और 24 फरवरी को होने थे। इसी वजह से नीमच के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सीधे पुष्कर के लिए रवाना हो गए। उज्जैन में विवाह पूर्व के आयोजन हो चुके हैं। इनमें मातापूजन, गणेश पूजन परिवार के साथ किया जा चुका है। बाकी के सभी समारोह पुष्कर में ही किए गए। शुक्रवार शाम को हल्दी-मेहंदी आदि की रस्म अदा की गई। इसके बाद शनिवार को बरात, तोरण, वरमाला, पाणिग्रहण संस्कार, आशीर्वाद समारोह के साथ प्रीतिभोज का आयोजन किया गया।

किसी बड़े वीवीआईपी का मूवमेंट नहीं

पुष्कर थाना प्रभारी राकेश यादव का कहना है कि शादी के लिए किसी बड़े वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर दिशा-निर्देश नहीं आए। हालांकि यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को आवश्यक सूचना मिलने पर बदले जाने की तैयारी रखी गई थी।

पुष्कर में यादगार समारोह

मुख्यमंत्री मोहन यादव के बेटे वैभव की शादी पुष्कर स्थित पुष्करा रिसोर्ट में संपन्न हुई। विजयनगर फोर्ट में वैभव यादव और उनके रिश्तेदारों का स्वागत स्थानीय कार्यकर्ताओं और नेताओं ने किया। शादी में वैभव के करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों के अलावा कुछ ही नेताओं को आमंत्रित किया गया था।राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी विवाह में शामिल हुए। पहले बताया जा रहा था कि डॉ. मोहन यादव के बेटे की शादी भव्य होगी। हालांकि, मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ. यादव ने धारणा बदली और तय किया कि विवाह समारोह को सादा ही रखा जाए। पहले तो शादी उज्जैन में होनी थी, लेकिन बाद में पुष्कर तय हुआ। शादी समारोह बूढ़ा पुष्कर बायपास स्थित पुष्करा रिजॉर्ट में हुआ। इसी तरह होटल सहदेव बाग में मेहमानों के रुकने की व्यवस्था की गई थी।

भाजपा से जुड़े हैं वैभव

डॉ. मोहन यादव के बेटे वैभव भी राजनीति से जुड़े हैं और इस समय भाजपा विधि प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक हैं। इससे पहले वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में सक्रिय रहे हैं और सह-मंत्री की भूमिका का निर्वहन किया था। हालांकि, सतीश यादव की बेटी शालिनी के बारे में अब तक कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। इतना ही बताया गया है कि उनके पिता सतीश यादव एक किसान हैं।

भतीजे की शादी में जुटा था मजमा

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भतीजे की उज्जैन में शादी थी। इस समारोह के चलते मध्य प्रदेश सरकार के कई मंत्री, बीजेपी विधायक और कई बड़े नेता उज्जैन पहुंचे थे। इस मांगलिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं पूरे समय मौजूद रहे। इस आयोजन के चलते जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने अपने अधीनस्थों को अलर्ट पर रखा था।

अब कयास ये भी

शनिवार को शादी समारोह निपटने के बाद अब ये कयास लगाए जा रहे हैं कि सीएम डॉ मोहन यादव खुशी के इन पलों को सहेजने के लिए अलग अलग शहरों में रिसेप्शन कर सकते हैं। कहा जा रहा है कि जहां केंद्रीय नेताओं के लिए दिल्ली में आयोजन किया जा सकता है, वहीं अपने मंत्रि मंडल को वे भोपाल में दावत देंगे। उसके अलावा अपने रिश्तेदारों और शहरवासियों के लिए एक आयोजन वे उज्जैन में भी कर सकते हैं।

आज से फिर काम में सक्रिय

सीएम डॉ मोहन यादव बेटे की शादी के एक दिन पहले तक कामकाज में सक्रिय थे। उन्होंने नीमच के एक बड़े आयोजन में शामिल होने के बाद पुष्कर के लिए रवाना हुए थे। अब शादी समारोह से फारिग होने के बाद वे रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रदेश दौरे को लेकर व्यस्त रहेंगे। शाह इस दिन ग्वालियर, सागर और भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वाले हैं।

Previous articleटीकमगढ़: दोस्तों ने जहर देकर की युवक की हत्या? परिजनों ने लगाया आरोप
Next articleIsha Ambani: A Story Beyond the Headlines