पानीपत, 16 अप्रैल(वार्ता) हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में राज्य के 22 पदक विजेताआ को सरकार चंडीगढ़ में एक समारोह में सम्मानित करेगी।
खट्टर ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य की खेल नीति के तहत स्वर्ण पदक विजेता को डेढ़ करोड़, रजत पदक के लिए 75 लाख और कांस्य पदक के लिए 50 लाख रूपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह स्वयं झज्जर जाकर निशानेबाजर मनु भाकर को डेढ़ करोड़ रूपये के नकद पुरस्कार से समानित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों में देश ने 66 पदक जीते हैं तथा इनमें 22 पदक यानि एक तिहाई योगदान राज्य के खिलाड़ियों का रहा है। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा विश्व का एकमात्र ऐसा प्रदेश है जिसने ओलम्पिक स्वर्ण पदक के लिये छह करोड़ रूपये, रजत पदक के लिये चार करोड़ और कांस्य पदक के लिये ढाई करोड़ रूपये के ईनाम का प्रावधान किया है। सरकार ने इन खिलाड़ियाें को एचसीएस, एचपीएस तथा नौकरियों में नियुक्ति देने की भी व्यवस्था की है।
इससे पहले खेल मंत्री अनिल विज ने ट्वीट करते हुए बताया था कि स्वर्ण पदक विजेता खिलाडी को हरियाणा सरकार की श्रेणी-ए, रजत पदक विजेता खिलाड़ी को श्रेणी-बी तथा कॉस्य पदक विजेता खिलाड़ी को श्रेणी-सी की नौकरी का हक होगा।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के 38 खिलाडियों ने भाग लिया था और इन खिलाड़ियों ने 22 पदक जीते जिनमें से 9 स्वर्ण, 6 रजत और 7 कांस्य पदक शामिल है।
रमेश राज
वार्ता
Previous articleनिर्भया से दरिंदगी करने वालों को फांसी हुई होती तो नहीं देखना पड़ता यह दिन – आशा देवी
Next articleईस्ट बंगाल सुपर कप के फाइनल में