एनडीए जीत के करीब

नई दिल्ली – एबीपी न्यूज़- सी वोटर ने देश की सभी 543 लोकसभा सीटों पर सर्वे किया है। ये सर्वे फरवरी 2019 के पहले हफ्ते से लेकर मार्च 2019 के पहले हफ्ते के दौरान किया गया है। इस सर्वे में 50 हजार से ज्यादा लोगों की राय ली गई।


वेबसाइट पर भी जारी सर्वे के मुताबिक, 543 लोकसभा सीटों में से एनडीए को 264 सीटों पर जीत मिल सकती है।

वहीं यूपीए 141 सीटों पर अपना परचम लहराएगा और अन्य दलों को 138 सीटें मिलने की उम्मीद है। यानि कोई भी दल या गठबंधन बहुमत के जादुई आंकड़े 272 को छूने या पार करने की स्थिति में नहीं हैं। याद रखने की बात है कि एनडीए जो 264 सीटें जीत सकता है, उसमें बीजेपी का हिस्सा 220 होगा। इसी तरह यूपीए की झोली में जो 138 सीटें जा सकती हैं उसमें कांग्रेस का हिस्सा 86 सीटों का होगा।

वोट शेयर की बात करें तो 543 लोकसभा सीटों पर एनडीए को यूपीए से मात्र 10 फीसदी वोट ही ज्यादा मिल रहे हैं। सर्वे में एनडीए को 41 फीसदी, यूपीए को 31 फीसदी और अन्य को 28 फीसदी वोट मिल सकते हैं।

लोकसभा चुनाव में सबसे ज्यादा सीटों वाला राज्य उत्तर प्रदेश है और यहां से जो पार्टी ज्यादा सीटें जीतती है उसे केंद्र की सरकार में आने की संभावनाएं काफी बढ़ जाती हैं।

यूपी में कुल 80 सीटें हैं और एबीपी न्यूज़-सी वोटर सर्वे के मुताबिक आज यहां चुनाव होते हैं तो यूपीए चार सीटों पर सिमट जाएगा वहीं 2014 में बड़ा कमाल करने वाला एनडीए को भारी नुकसान होगा और वह 29 सीटों पर रुक जाएगा। वहीं, अखिलेश-मायावती का महागठंबधन 47 सीटें जीत सकता है।


सिर्फ यूपी ही नहीं उसका पड़ोसी राज्य बिहार भी राजनीतिक दलों के लिए काफी अहम है।

सर्वे के मुताबिक अगर बिहार की 40 सीटों पर अभी चुनाव होते हैं तो एनडीए को 36 और आरजेडी को महज 4 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं अन्य अपना खाता भी नहीं खोलते दिख रहे हैं। यानी सर्वे में जो आंकड़े सामने आ रहे हैं वो ये साफ बता रहे हैं कि नीतीश कुमार के वापस आने से एनडीए को फायदा हो रहा है।

पश्चिम बंगाल की बात करें तो यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का जादू अभी भी बरकरार है। सर्वे के मुताबिक, राज्य में कुल 42 लोकसभा सीटों में से टीएमसी के खाते में 34, बीजेपी को 8 सीट मिल सकती है। राज्य में वामपंथी दलों की स्थिति बेहद खराब दिख रही है।

सर्वे के मुताबिक, मध्य प्रदेश में लोकसभा की कुल 29 सीटें हैं।

यहां बीजेपी नीत एनडीए को 24 सीटें और यूपीए को 5 सीटें मिल सकती हैं। मध्य प्रदेश में साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 27 सीटों और कांग्रेस ने सिर्फ दो सीटों पर कब्जा किया था।


सर्वे के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में लोकसभा की कुल 11 सीटें हैं।

यहां बीजेपी नीत एनडीए को 6 सीटें और कांग्रेस नीत यूपीए को 5 सीटें मिल सकती हैं। साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने 10 सीटों और कांग्रेस ने सिर्फ एक सीट पर कब्जा किया था।

सर्वे के मुताबिक, राजस्थान में लोकसभा की कुल 25 सीटें हैं। यहां बीजेपी नीत एनडीए को 20 सीटें और यूपीए को 5 सीटें मिल सकती हैं। साल 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने सभी 25 सीटों पर कब्जा किया था।


एबीपी न्यूज-सी वोटर सर्वे के मुताबिक, महाराष्ट्र में बीजेपी 21, शिवसेना 14, कांग्रेस 7 और एनसीपी को 6 सीटें मिल सकती हैं।

राज्य में कुल 48 लोकसभा सीट हैं।
एबीपी न्यूज़ और सी वोटर सर्वे के मुताबिक गुजरात में बीजेपी का पलड़ा भारी है। सर्वे के मुताबिक एनडीए यहां 24 सीटें जीत सकत है। वहीं, गुजरात विधानसभा चुनाव में अच्छा प्रदर्शन करने वाली कांग्रेस को सर्वे के मुताबिक कोई फायदा नहीं मिलने वाला है। एबीपी न्यूज़ और सी वोटर के सर्वे में कांग्रेस को राज्य में केवल 2 सीटें मिलती दिख रही है।


एबीपी न्यूज़-सी वोटर ने सर्वे के जरिए झारखंड की जनता की नब्ज टटोलने की कोशिश की है।

इस सर्वे के मुताबिक अगर अभी चुनाव होते हैं तो एनडीए को 3 सीटें मिल सकती हैं। वहीं यूपीए को 10 और जेवीएम को एक सीट मिलती दिख रही है।
तमिलनाडु, केरल, आंध्र, तेलंगाना, कर्नाटक को मिलाकर दक्षिण भारत में कुल 129 लोकसभा सीटें हैं जिसमें से एनडीए के खाते में सिर्फ 21 सीटें, यूपीए को 63 जबकि अन्य के खाते में 45 सीटें जाती हुई दिख रही है।

पूर्वोत्तर राज्यों असम, अरुणाचल, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम, त्रिपुरा में एनडीए के लिए अच्छी खबर है। सर्वे के मुताबिक, 25 लोकसभा सीटों वाले इन राज्यों में एनडीए को 13, यूपीए को 10 और अन्य को 2 सीटें मिलने की संभावना है।
ओडिशा- सर्वे के मुताबिक, 21 लोकसभा सीटों वाले ओडिशा में एनडीए को 12 और बीजेडी को 9 सीटें मिलने का अनुमान है।


गोवा- सर्वे के मुताबिक, 2 लोकसभा सीटों वाले गोवा में दोनों सीटें बीजेपी को मिलने का अनुमान है।

उत्तर भारत- सर्वे के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड की 45 सीटों में से एनडीए को 26 और यूपीए को 19 सीटें मिलने का अनुमान है। यहां सिर्फ पंजाब की बात करें तो यहां यूपीए एनडीए पर भारी पड़ रहा है। 13 सीटों में से एनडीए को एक और यूपीए को 12 सीटें मिलेने का अनुमान है।

राजधानी दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी के लिए बुरी खबर है। यहां लोकसभा की सात सीटों में से आप एक भी सीट पर जीतती हुई नहीं दिख रही है। यही स्थिति कांग्रेस की भी है। जबकि राज्य की सभी सात सीटें बीजेपी के खाते में जाती हुई दिखाई दे रही हैं।

Previous articleइसी साल शादी के बंधन में बंध सकती हैं बॉलीवुड की ये जोड़ी
Next articleएयर स्ट्राइक’ पर सवाल उठाने वालों को बेनकाब करें- सुषमा स्वराज