Khabar aaj ki
Khabar Aaj ki-राहुल गांधी की यात्रा में हंगामा: असम में रूट बदला, भगदड़ की स्थिति, FIR दर्ज

राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के खिलाफ असम में FIR दर्ज

Bharat Jodo Nyay Yatra‘ असम के जोरहाट शहर में राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान अचानक मार्ग बदलने के कारण भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। जिसके बाद पुलिस ने असम के जोरहाट शहर में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यात्रा को के बी रोड की ओर से जाने की अनुमति दी गई थी। इसके बजाय यह शहर में एक अन्य मार्ग से चली गयी, जिससे क्षेत्र में ‘अराजक स्थिति’ पैदा हो गई।

उन्होंने कहा, ‘अचानक भीड़ के कारण कुछ लोग गिर गए और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए यात्रा और उसके मुख्य आयोजक के खिलाफ जोरहाट सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।’

अधिकारी के अनुसार, प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है कि यात्रा ने जिला प्रशासन के नियमों का पालन नहीं किया और इसने सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन किया।

हालांकि, विपक्ष के नेता देबब्रत सैकिया ने इसे यात्रा के समक्ष अनावश्यक बाधा पैदा करने की एक चाल बताया है।

उन्होंने कहा कि पीडब्ल्यूडी प्वाइंट पर यातायात मार्ग परिवर्तन के लिए पुलिस तैनात नहीं थी। निर्धारित मार्ग बहुत छोटा था और हमारे साथ बहुत भीड़ थी इसलिए, हमने यात्रा को कुछ मीटर के लिए दूसरे रास्ते पर ले लिया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यात्रा को (असम में) पहले दिन मिली सफलता से हिमंत विश्व शर्मा डर गए हैं और अब इसे पटरी से उतारना चाहते हैं।

बता दें कि यह यात्रा असम में 25 जनवरी तक जारी रहेगी जो 17 जिलों में 833 किमी का सफर तय करेगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में यह यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर से शुरू हुई और 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी।

Previous articleराम मंदिर विवाद गरमाया: सीएम मोहन यादव के ‘राम के न’ वाले बयान पर दिग्विजय सिंह का पलटवार, बढ़ा विवाद का ताप
Next articleमॉब लिंचिंग कानून… सजा का दायरा कहां तक सीमित रहेगा…?