Tribute to soldiers
दक्षिण कोरिया की यात्रा पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां राष्ट्रीय समाधि स्थल पहुंचे

दक्षिण कोरिया की यात्रा पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी यहां राष्ट्रीय समाधि स्थल पहुंचे और उन्होंने कोरियाई युद्ध में मारे गए सैनिकों सहित अन्य सैनिकों को श्रद्धांजलि दी। पीएम दक्षिण कोरिया के साथ कूटनीतिक संबंधों को मजबूत करने के लिए दो दिवसीय दौरे पर गए हुए हैं। यात्रा के पहले दिन उन्होंने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जेइ इन और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव बान की मून के साथ योनसेई विश्वविद्यालय में महात्मा गांधी की आवक्ष प्रतिमा का अनावरण किया।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोरिया गणराज्य के राष्ट्रीय समाधि स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित किया और जान गंवाने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

यहां एक लाख 65 हजार सैनिकों के अवशेष दफन हैं। सियोल राष्ट्रीय समाधिस्थल की स्थापना 1956 में हुई थी जहां कोरिया के सैनिकों को दफनाया जाता है। इसके अलावा कोरियाई स्वतंत्रता अंदोलन,कोरियाई युद्ध और वियतनाम युद्ध में मारे गए सैनिकों को भी यहां स्थान दिया जाता है। प्रधानमंत्री के सम्मान में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जेइ इन के आधिकारिक आवास पर रस्मी स्वागत समारोह का आयोजन ‎किया। कुमार ने ट्वीट किया, प्रधानमंत्री मोदी का द ब्लू हाउस में आधिकारिक स्वागत किया गया।


यह सियोल में राष्ट्रपति का कार्यकारी कार्यालय तथा आधिकारिक आवास है।

मोदी, राष्ट्रपति मून जेइ इन के आमंत्रण पर दक्षिण कोरिया आए हैं। 2015 के बाद से प्रधानमंत्री मोदी की कोरिया गणराज्य की यह दूसरी यात्रा है और राष्ट्रपति मून जेइ इन के साथ यह उनकी दूसरी शिखर बैठक है। प्रधानमंत्री को यहां सियोल पीस प्राइज से भी नवाजा गया। इस पुरस्कार की घोषणा पिछले साल अक्टूबर में सियोल पीस प्राइज फाउंडेशन ने की थी।

Previous articleमुंबई एयरपोर्ट में 23 फीसदी ‎हिस्सेदारी खरीद सकते हैं अडानी
Next articleअजय देवगन ने किया पाकिस्तानी कलाकारों को बैन करने का समर्थन