Rahul Gandhi & anil Ambani

आयुष्मान भारत को केवल 2 हजार करोड़ का झुनझुना – राहुल बोले

नई दिल्ली – राफेल के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर लगातार हमला बोलने वाले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना को निशाने पर लिया है। राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य बीमा योजना ‘आयुष्मान भारत’ के लिए आवंटित राशि को लेकर शुक्रवार को सवाल किया।

उन्होंने सवाल किया कि ‘राफेल घोटाले में अनिल अंबानी को 130,000 करोड़ रुपए दिए गए, लेकिन इस योजना के रूप में देश की जनता को केवल दो हजार करोड़ रुपए का ‘झुनझुना’ थमा दिया गया। राहुल गांधी ने ट्वीट किया कि देश का चौकीदार ‘खुल जा सिमसिम’ कब कहता है? जब अनिल अम्बानी को राफेल घोटाले में 1,30,000 करोड़ रुपए देना होता है। लेकिन 50 करोड़ भारतीयों को आयुष्मान भारत में केवल 2000 करोड़ रुपए दिए जाते हैं।

दरअसल, प्रधानमंत्री मोदी ने गत 23 सितंबर को रांची से ‘आयुष्मान भारत अथवा प्रधानमंत्री आरोग्य योजना’ की शुरुआत की। इस योजना के तहत देश के 10 करोड़ परिवारों को पांच लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा। केंद्रीय बजट में इस योजना के पहले साल के लिए दो हजार करोड़ रुपए का शुरुआती आवंटन किया गया है। राहुल ने कहा मोदी सरकार ने 526 करोड़ रूपए का लड़ाकू राफेल विमान 1600 करोड़ रूपए में खरीदने का सौदा किया है। उन्होंने कहा मोदी ने एचएएल से कॉन्ट्रैक्ट छीनकर अनिल अंबानी को 30,000 करोड़ रूपए का कॉन्ट्रैक्ट दिया है, जिन्होंने 10 दिन पहले ही यह कंपनी खोली थी और जिन्हें विमान बनाने का कोई अनुभव नहीं है।

अनिल अंबानी पर पहले से ही 45,000 करोड़ रूपए का कर्जा है। राहुल ने कहा यह पैसा देश के लोगों का है। आपका है। उन्होंने कहा चौकीदार ने गरीबों, युवाओं, किसानों एवं अन्य लोगों की जेब से पैसा निकालकर अंबानी को दिया है।

Previous articleअनिल अंबानी की कंपनी को जम्मूकश्मीर में बीमा का ठेका
Next articleसऊदी अरब के रूप में चीन-पाकिस्‍तान को मिला नया भागीदार, खर्च करेगा 50 अरब डॉलर