Nehru Memorial

नई दिल्ली  राजधानी दिल्ली के तीन मूर्ति हाऊस में अब सिर्फ पूर्व पीएम पंडित नेहरू का ही म्यूजियम नहीं होगा बल्कि देश के सभी पूर्व प्रधानमंत्री का म्यूजियम बनाया जाएगा।

आने वाली १५ अक्टूूबर को केन्द्र की भाजपा सरकार पीएम म्यूजियम का शिलान्यास करने जा रही है। १५ अक्टूबर (सोमवार) को दोपहर १२.०० बजे केन्द्रीय संस्कृति मंत्री डॉ महेश शर्मा और शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी भूमि पूजन कर पीएम म्यूजियम के निर्माण कार्य की शुरूआत करेंगे। जिसे लेकर दिल्ली के नेहरू मेमोरियल में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं लेकिन कांग्रेस ने केन्द्र सरकार के इस कदम का पुरजोर विरोध किया है। दरअसल केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय ने नेहरू मेमोरियल और शहरी विकास मंत्रालय के साथ बैठक कर अप्रैल में ये फैसला लिया था कि नेहरू मेमोरियल में नेहरू के साथ साथ देश के सभी प्रधानमंत्रियों का म्यूजियम बनेगा।

होगा हाईटेक

यह पीएम म्यूजियम बेहद ख़ास होगा। नेहरू मेमोरियल में बनने वाले पीएम म्यूजियम में देश के सभी पीएम की उपलब्धियां, उनके जीवन स्मृतियों के साथ साथ उनके विचारों को भी जगह दी जाएगी। यही नहीं पीएम म्यूजियम की ये बिल्डिंग बेहद हाईटेक होगी, जिसमें ऑनलाईन लायब्रेरी से लेकर सभी प्रधानमंत्रियों की पुरानी से पुरानी तस्वीरों को जगह मिलेगी। नेहरू मेमोरियल ने पीएम म्यूजियम में बनने वाली फोटो गैलरी को लेकर देश की जनता से भी पूर्व प्रधानमंत्रियों की पुरानी फोटो मांगी है।

सूत्रों के मुताबिक नेहरू मेमोरियल में बनने वाले पीएम म्यूजियम का काम हर हाल में लोकसभा चुनाव २०१९ से पहले पूरा किया जाएगा। केन्द्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा की अध्यक्षता में एक कमेटी ने पीएम म्यूजियम का एक पूरा ख़ाका तैयार किया और उसका प्रेजेंटेशन पीएम मोदी को दिखाया गया। पीएमओ से मिली सहमति के बाद अब पीएम म्यूजियम पर काम बहुत तेज़ी से शुरू हो जाएगा। पीएम म्यूजियम का एक एनिमेशन वीडियो भी तैयार किया है। लेकिन पीएम म्यूजियम के भूमि पूजन से पहले ही इस पर राजनीति शुरू हो गई है।

कांग्रेस का विरोध

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी र्ने कहा कि ‘ नेहरू मेमोरियल में सभी पीएम का म्यूजियम बनाना बिल्कुल गलत है और ये नेहरू गांधी परिवार के खिलाफ साजिश है। पंडित नेहरू सिर्फ देश के पीएम ही नहीं थे बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी भी थे और केन्द्र सरकार ने नेहरू का कद कम करने के लिए ये फैसला लिया है। नेहरू मेमोरियल की गरिमा कम नहीं होनी चाहिए, नहीं तो देश बीजेपी को कभी माफ़ नहीं करेगा’।

भाजपा ने दिया जवाब

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि ‘मैं हैरान हूं कि कांग्रेस के लोग परिवार से बाहर सोच ही नहीं पा रहे हैं, नेहरू मेमोरियल में बहुत सारी ज़मीन खाली पड़ी है और खाली ज़मीन पर पीएम म्यूजियम बनाया जा रहा है। क्या अन्य पीएम के म्यूजियम बन जाने से नेहरू जी को छुआछूत की बीमारी हो जाएगी? ये कांग्रेस के परिवारवादी सोच का ही नतीज़ा है कि अन्य पीएम का सम्मान कांग्रेस नहीं करना चाहती। गौरतलब है कि पंडित नेहरू के ७५वें जयंती के मौके पर पर १४ नवंबर १९६४ को नई दिल्ली के ३ मूर्ति हाऊस को नेहरू मेमोरियल घोषित किया था।

Previous articleAamir is in favor of protection of women
Next articleअंबानी प्रधानमंत्री के करीबी इसलिए उन्हें राफेल में कमीशन दिलाने की कोशिश की गई – प्रशांत भूषण