Vikas Bahl

यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे फिल्मकार विकास बहल को कबीर खान की फिल्म ‘83’ से बाहर कर दिया गया है।

यह कार्रवाई ‘फैंटम फिल्म्स’ की एक पूर्व कर्मचारी ने बहल पर छेड़छाड़ के आरोप लगाने के बाद की गई है। फैंटम फिल्म्स में अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवानी, मधु मंटेना के साथ विकास बहल भी साझीदार हैं। फैंटम फिल्म्स की एक पूर्व महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया कि पिछले साल गोवा की यात्रा के दौरान निर्देशक विकास बहल ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था। हाल में प्रकाशित एक लेख में पूर्व महिला कर्मचारी ने आरोपों को दोहराते हुए मई 2015 की इस घटना का विस्तार से ब्यौरा दिया था।

इस खुलासे के बाद सभी वर्गों ने विकास बहल की आलोचना की है। इसके बाद ही ‘क्वीन’ के निर्देशक विकास बहल को फिल्म ‘83’ से बाहर कर दिया गया है। इस बारे में पूछे जाने पर कबीर खान ने कहा जी हां, विकास बहल का ‘83’ से अब कोई लेना-देना नहीं है। फिल्म ‘83’ 1983 क्रिकेट वर्ल्ड कप की कहानी है। फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं। सोमवार को रितिक रोशन ने भी मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा था ऐसे गंभीर आरोपों के दोषी के साथ काम करना असंभव है। विकास बहल रितिक की आने वाली फिल्म ‘सुपर 30’ के निर्देशक हैं।

Previous articleअंबानी प्रधानमंत्री के करीबी इसलिए उन्हें राफेल में कमीशन दिलाने की कोशिश की गई – प्रशांत भूषण
Next articleप्रियंका ने लंदन में भी निभाया भारतीय परंपराओं को